Homeपरिदृश्यटॉप स्टोरीमहिला अफसरों की 'जंग' ने हद पार की, सकते में कर्नाटक की...

महिला अफसरों की ‘जंग’ ने हद पार की, सकते में कर्नाटक की नौकरशाही

spot_img

बेंगलुरू (गणतंत्र भारत के लिए डी. राजेश ) : कर्नाटक की नौकरशाही इन दिनों दो हाई प्रोफाइल महिला अफसरों के बीच झगड़े को लेकर काफी चर्चा में है। आरोप-प्रत्यारोप इस हद तक बढ़ चुके हैं कि अब निजी जिंदगी से संबंधित बातें भी सार्वजनिक होती जा रही हैं। मामले की शिकायत मुख्य सचिव तक पहुंच चुकी है। राज्य के गृहमंत्री ने दोनों अफसरों को झाड़ पिलाई है और मुख्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई की सलाह के बाद मुख्य सचिव वंदिता शर्मा ने दोनों महिला अधिकारियों को नियम क़ायदे समझाए हैं। उन्हें ये बताया गया है कि एक दूसरे के ख़िलाफ़ आरोप-प्रत्यारोप ऑल इंडिया सर्विस रूल्स के विरुद्ध हैं।

उधर, अंदरखाने की खबर ये है कि राज्य के वरिष्ठ अधिकारी इन दोनों अफसरों के झगड़े के बीच अपनी टांग फंसाने से बच रहे हैं। कई अधिकारी अपनी पहचान को गुप्त रखने की शर्त पर सिर्फ इतना ही मुंह खोलने को तैयार हुए कि दोनों के बीच झगड़े की वजह बेहद निजी है और इसके बारे में सार्वजनिक तौर पर कुछ भी कहना उचित नहीं है।

विवाद महिला आईपीएस अधिकारी डी रूपा मौदगिल और आईएएस अधिकारी रोहिनी सिंधुरी के बीच है। डी रूपा मौदगिल मौजूदा वक्त में कर्नाटक हैंडीक्राफ़्ट्स डवलपमेंट कॉर्पोरेशन की महानिदेशक हैं जबकि सिंधुरी हिंदू रिलीजियस इंस्टीट्यूटशन एंड चैरिटेबल इनडॉवमेंट डिपार्टमेंट की आयुक्त हैं।

डी रूपा ने, रोहिनी सिंधुरी पर कुछ निजी और कुछ उनके काम को लेकर आरोप लगाए हैं। सिंधुरी पर निजी आरोपों में उन्होंने पुरुष अफसरों के साथ उनकी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। सिंधुरी ने रूपा के आरोपों पर सार्वजनिक रूप सीधे-सीधे कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन इशारों-इशारों में उन्होंने रूपा को मनेरोगी बताया है अलबत्ता उनके पति ने रूपा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

डी रूपा ने क्या आरोप लगाए

डी रूपा ने सिंधुरी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 19 आरोपों की सूची को मुख्य़सचिव और कार्मिक विभाग के पास भेजा है। इन आरोपों में से कुछ निजी तो कुछ उनके काम से संबंधित हैं। अधिकतर आरोप ताजा न होकर पुराने समय के हैं।

रूपा ने इन आरोपों में एक आत्महत्या की सीबीईआई जांच और मृतक के साथ सिंधुरी के चैट का हवाला दिया है। आरोपों में रूपा ने कोरोना के दौरान चमराजनगर जनरल हॉस्पिटल में मैसूर से ऑक्सिजन की आपूर्ति का मुद्दा भी उठाया। उस वक़्त सिंधुरी मैसूर की डिप्टी कमिशनर थीं। तब ऑक्सिजन की कमी से वहां करीब 24 लोगों की मौत हो गई थी।

इसके अलावा, रूपा ने अपने आरोपों में दावा किया कि सिंधुरी ने मांड्या ज़िले में 2015 में ज़िला पंचायत की सीईओ रहते हुए एक साल में एक लाख टॉयलेट बनाने के लिए का जो आंकड़ा पेश किया था वो फर्जी था।

अपने पत्र में रूपा ने लकी अली के पिता कॉमेडियन महमूद अली की ज़मीन का मसला भी उठाया। उन्होंने कहा है कि सिंधुरी के पति सुधीर रेड्डी बिना किसी अनुमति के इस भूमि का सर्वे कर रहे थे। सिंधुरी पर आरोप है कि वे इस मामले में अपने पति की रियल इस्टेट कंपनी की मदद कर रही थीं।

लेकिन, दोनों अफसरों के बीच विवाद तब ज्यादा गरमाया जब रोहिनी सिंधुरी और जेडीएस विधायक एस आर महेश की एक रेस्तरां में ली हुई तस्वीरें सामने आईं। विधायक पर जमीन हड़पने के आरोप था। तस्वीर में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भी मौजूद था। ये तस्वीरें इसलिए ख़ास थीं क्योंकि विधायक महेश ने सिंधुरी पर मैसूर का डिप्टी कमिशनर रहते हुए  अपने निवास पर स्विमिंग पूल बनाने का आरोप लगाया था। तस्वीर का हवाला देते हुए रूपा ने सवाल पूछा कि क्या ये एक ‘समझौता बैठक’ थी ? अगर उसने अपनी आधिकारिक क्षमता में निर्णय लिया था तो अधिकारी वहां क्यों थी.?

सिंधुरी ने क्या कहा

रोहिनी सिंधुरी ने रूपा के आरोपों पर सीधे-सीधे कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में उचित फोरम पर जवाब देने की बात कही। लेकिन इशारों-इशारों में उन्होंने रूपा को मनोरोगी करार दिया। उन्होंने कहा कि, वे चाहती हैं कि फिलहाल रूपा जल्द स्वस्थ हो जाएं।

मानसिक बीमारी एक बड़ी समस्या है। इसका इलाज दवाओं और काउंसलिंग के ज़रिए करवाया जाना चाहिए। उन्होने कहा कि, रूपा मेरे ख़िलाफ़ एक झूठा, व्यक्तिगत बदनामी का अभियान चला रही हैं जो उनकी आम कार्यप्रणाली है। उन्होंने यही अपनी हर पोस्टिंग में किया है। वे हमेशा मीडिया का ध्यान खींचना चाहती हैं और उनका सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल इसका सबूत है। वे हमेशा किसी न किसी को टार्गेट करती हैं और अपना आधिकारिक काम करने के बजाय यही उनका पसंदीदा शगल है।

तस्वीरें शेयर करने वाले आरोप पर सिंधुरी कहती हैं कि, ये तस्वीरें नहीं, स्क्रीनशॉट्स हैं। इन्हें सोशल मीडिया से उठाया गया है। इन्हें ग़लत ढंग से मुझे बदनाम करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। सिंधुरी ने कहा कि, उन्होंने मुख्य सचिव से इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

रोहिनी सिंधुरी के पति सुधीर रेड्डी ने एक थाने में रूपा मौदगिल के ख़िलाफ़ हैकिंग और उनकी पत्नी की तस्वीरें इस्तेमाल करने की शिकायत दर्ज़ करवाई है। बहरहाल, इन दोनों महिला अफसरों के आरोप-प्रत्यारोप के चलते राज्य़ की नौकरशाही सकते में है। भले ही कोई खुल कर कुछ न कहे लेकिन अगले कुछ महीनो में राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और इन आरोपों की कुछ कड़ियां राजनेताओं की तरफ भी जाती दिख रही है और हो न हो इस अफसरी जग की तपिश चुनावों में भी देखने को मिल जाए।

फोटो सौजन्य- सोशल मीडिया

 

 

 

Print Friendly, PDF & Email
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

- Advertisment -spot_img

Recent Comments