Homeग्राम जागरूकताहरियाली बढ़ी, लेकिन पर्यावरण के लिए पैदा हुआ नया संकट

हरियाली बढ़ी, लेकिन पर्यावरण के लिए पैदा हुआ नया संकट

spot_img

नई दिल्ली (गणतत्र भारत के लिए सुरेश उपाध्याय) : हरियाली क्या कभी पर्यावरण के लिए संकट पैदा कर सकती है। यह सोचने में भी थोड़ा अजीब सा लगता है। लेकिन चीन में हुए एक अध्ययन के नतीजों में इस तरह के निष्कर्ष सामने आए हैं। यह अध्ययन पिछले चार दशक के आधार पर किया गया है। अध्ययन में यह बात सामने  आई है कि, पिछले चार में धरती की हरियाली तेजी से बढ़ी है। उपग्रहों से मिली तस्वीरों और कई वैज्ञानिक अध्ययनों में यह साफ दिखा है कि दुनिया के लगभग दो-तिहाई हिस्सों में वनस्पति की हरियाली बढ़ी है। पहली नजर में यह सुनने में बहुत अच्छा या सकारात्मक लगता है, क्योंकि अधिक हरियाली का अर्थ है अधिक ऑक्सीजन, बेहतर पर्यावरण और जलवायु संतुलन। लेकिन एक नए शोध ने इस हरियाली के साथ जुड़ी एक बड़ी और चिंताजनक सच्चाई को सामने रखा है।

किसने किया अध्ययन ?

चीनी विज्ञान अकादमी के शिनजियांग इंस्टीट्यूट ऑफ इकोलॉजी एंड जियोग्राफी के शोधकर्ताओं के द्वारा किए गए इस अध्ययन को कम्युनिकेशंस अर्थ एंड एनवायरमेंट नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया है। अध्ययन में बताया गया है कि दुनिया भर में हरियाली तो बढ़ रही है, लेकिन इसके साथ-साथ कई जगहों पर मिट्टी की नमी तेजी से घट रही है। यानी पेड़-पौधों का बढ़ना हमेशा पानी और मिट्टी के लिए फायदेमंद नहीं है।

किस तरह किया गया अध्ययन?

शोधकर्ताओं ने उपग्रहों के कई प्रकार के आंकड़ों का दोबारा विश्लेषण और 12 अलग-अलग अर्थ सिस्टम मॉडल्स का उपयोग किया। यह अध्ययन 1982 से लेकर 2100 तक की अवधि को शामिल करता है। इतने बड़े पैमाने के आंकड़ों से वैज्ञानिक यह समझ पाए कि वनस्पति में बढ़ोतरी और मिट्टी के नमी के बीच वास्तविक संबंध क्या है।

अध्ययन के निष्कर्ष?

अध्ययन में पाया गया कि दुनिया की 65.82 फीसदी इलाकों में जहां-जहां वनस्पति मौजूद है, वहां हरियाली में वृद्धि हुई है। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से, इनमें से लगभग आधे क्षेत्रों में मिट्टी की नमी घट गई है। इसे वैज्ञानिकों ने ‘ग्रीनिंग-ड्राइंग’ (हरियाली-सूखापन) पैटर्न कहा है। यह पैटर्न खासकर उन इलाकों में ज्यादा दिखाई दिया, जहां पहले से ही पानी की कमी है।

किन क्षेत्रों पर सबसे ज्यादा असर?

इसका असर मध्य अफ्रीका, मध्य एशिया, पूर्वी ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के मध्य और उत्तरी हिस्सों में देखने को मिला है। इन इलाकों में हरियाली बढ़ने के बावजूद मिट्टी लगातार सूख रही है। इसका मतलब है कि वनस्पति की वृद्धि पानी का संतुलन बिगाड़ रही है।

वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में हरियाली के साथ मिट्टी की नमी भी बढ़ी है। इस पैटर्न को ‘ग्रीनिंग-वेटिंग’ (हरियाली-नमी) कहा गया है। ऐसे क्षेत्रों में उत्तर अमेरिका के कुछ हिस्से, भारतीय उपमहाद्वीप, दक्षिणी साहेल क्षेत्र (अफ्रीका) शामिल हैं।

हरियाली कैसे सोख रही है मिट्टी की नमी?

आमतौर पर हम सोचते हैं कि पेड़-पौधों की बढ़ने से मिट्टी को पोषण मिलता है और उससे नमी बनी रहती है। लेकिन वास्तविकता यह है कि जब किसी पानी की कमी वाले इलाके में अचानक से वनस्पति बहुत अधिक बढ़ती है तो पेड़-पौधे अपनी जरूरत के लिए ज्यादा पानी खींचते हैं। पौधे ट्रांस्पिरेशन के जरिए बड़ी मात्रा में पानी वायुमंडल में छोड़ते हैं। ज्यादा पेड़-पौधों का मतलब है कि मिट्टी से ज्यादा पानी खींचा जाएगा। इससे धीरे-धीरे मिट्टी सूखने लगती है और जल संकट बढ़ सकता है।

शोध पत्र के हवाले से कहा गया है कि हरियाली हमेशा जल संसाधनों के लिए फायदेमंद नहीं होती। पानी की कमी वाले इलाकों में अधिक पेड़-पौधे मिट्टी की नमी को और तेजी से कम कर सकते हैं।

क्या खतरे हैं?

यदि यह ‘ग्रीनिंग-ड्राइंग’ पैटर्न जारी रहा तो आने वाले दशकों में कई इलाकों में गंभीर जल संकट पैदा हो सकता है। खासकर वे क्षेत्र जहां पहले से ही पानी की उपलब्धता सीमित है। खेती पर असर पड़ेगा क्योंकि मिट्टी की नमी फसल उत्पादन के लिए सबसे जरूरी है। जलवायु असंतुलन बढ़ सकता है, क्योंकि सूखी मिट्टी ज्यादा गर्मी सोखती है। पेयजल संकट गहराएगा और समाज पर सामाजिक-आर्थिक दबाव बढ़ेगा।

क्या किया जाना चाहिए?

यह अध्ययन हमें एक बड़ा संदेश देता है, पर्यावरण संरक्षण का मतलब केवल पेड़ लगाना नहीं है, बल्कि पानी और मिट्टी की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए योजना बनाना भी है। संतुलित वनरोपण के तहत जहां पानी कम है, वहां स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पेड़ लगाने चाहिए। जल संरक्षण तकनीकें जैसे, बरिश के पानी का संचय एवं ड्रिप इरिगेशन जैसी तकनीकों को अपनाना जरूरी है। मिट्टी की नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग, ऑर्गेनिक खेती और भूजल पुनर्भरण पर काम करना होगा। नीतिगत स्तर पर यह तय करना होगा कि कौन-सी जगह पर कितनी हरियाली टिकाऊ साबित होगी।

समझना यह होगा कि धरती की हरियाली बढ़ना निश्चित रूप से एक अच्छी खबर है, लेकिन यह आधी सच्चाई है। अगर हरियाली के साथ मिट्टी की नमी कम होती है तो यह भविष्य में बड़े संकट का कारण बन सकती है। इसलिए हमें केवल पेड़ लगाने पर ही ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि जल और मिट्टी की उपलब्धता को समझकर ही पर्यावरणीय योजनाएं बनानी चाहिए।

यह अध्ययन हमें याद दिलाता है कि प्रकृति में हर चीज का संतुलन बेहद जरूरी है। हरियाली तभी स्थायी और फायदेमंद होगी, जब उसके साथ-साथ पानी और मिट्टी की सेहत को भी बचाया जाएगा।

अध्ययन के निष्कर्ष

  • दुनिया के लगभग 66 फीसदी इलाके में हरियाली में बढ़ोतरी हुई है। उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों के आधार पर यह नतीजे निकाले गए।
  • हरियाली के कारण मिट्टी की नमी में कमी दिखाई दी। वैज्ञानिक इसे ग्रीनिंग ड्राइंग पैटर्न का नाम देते हैं।
  • वनस्पति बढ़ने के साथ उनकी वजह से पानी की खपत बढ़ी।
  • पानी की कमी से जलवायु एवं कृषि पर संकट पैदा हो गया है। मिट्टी में नमी घटने से फसल उत्पादन, पेयजल और जलवायु संतुलन पर असर पड़ेगा।
  • वनों के संतुलित विकास के साथ जल संरक्षण जरूरी।
  • वनारोपण में स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखना होगा एवं भूजल के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

(फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

- Advertisment -spot_img

Recent Comments